बिग बॉस फेम शियास करीम पर ठगी का केस:बिजनेस पार्टनर से लाखों का फ्रॉड किया; पैसे वापस मांगने पर धमकाया

बिग बॉस मलयालम के एक्स कंटेस्टेंट और एक्टर शियास करीम पर ठगी का केस दर्ज हुआ है। केरल पुलिस ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और आपराधिक धमकी देने के मामले में केस दर्ज किया है। यह शिकायत उनकी एक महिला बिजनेस पार्टनर ने दर्ज कराई है। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले की पुष्टि की है। लाखों रुपए लेकर वादे से मुकरे एक्टर
महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि शियास ने उसे एक नए बिजनेस वेंचर में पार्टनरशिप का लालच दिया था। इसके लिए महिला ने लाखों रुपए इन्वेस्ट किए थे। पैसे लेने के बाद शियास अपने वादे से मुकर गया। उसने न तो बिजनेस शुरू किया और न ही महिला को पार्टनरशिप दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला पहले विदेश में रहती थी और सोशल मीडिया के जरिए शियास के संपर्क में आई थी। पैसे मांगने पर दी धमकी
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने अपने निवेश किए हुए पैसे वापस मांगे, तो शियास ने उसे डराया और धमकाया। पुलिस ने शियास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसमें धारा 318(4) (धोखाधड़ी), धारा 79 (महिला की गरिमा का अपमान) और धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) शामिल है। पुलिस जल्द कर सकती है पूछताछ
अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। शियास करीम को जल्द ही पूछताछ के लिए समन भेजा जा सकता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या शियास ने किसी और के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है या इस मामले में कोई और भी शामिल है। फिलहाल एक्टर की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। बिग बॉस से मिली थी पहचान
शियास करीम मलयालम फिल्म इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। उन्हें असली पहचान बिग बॉस मलयालम के पहले सीजन से मिली थी। उन्होंने वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर शो में एंट्री ली थी और अपनी स्ट्रॉन्ग पर्सनैलिटी के दम पर टॉप-5 में जगह बनाई थी। शो के बाद वे कई टीवी प्रोजेक्ट्स और मॉडलिंग में एक्टिव रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *