कॉमेडियन सुनील पाल ने द ग्रेट इंडियन कपिल शो में अपनी अपीयरेंस के बाद आरोप लगाया है कि शो के दौरान उन्हें ‘टारगेट’ किया गया और उनके कई अच्छे जोक्स को एडिट कर दिया गया। सुनील पाल हाल ही में वर्ल्ड लाफ्टर डे के मौके पर समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया के साथ कपिल के शो में नजर आए थे। सुनील बोले- मुझे अभिमन्यु की तरह घेरा गया
एक हालिया इंटरव्यू में सुनील पाल ने शो के माहौल पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “वहां जो कुछ हुआ वह एकतरफा था। मुझे वहां अभिमन्यु की तरह घेर लिया गया था। कई लोगों ने गौर किया होगा कि लोग जानबूझकर मेरे जोक्स पर नहीं हंस रहे थे, जबकि समय रैना की छोटी-छोटी बातों पर भी बहुत ज्यादा रिएक्ट किया जा रहा था।” सुनील ने नवजोत सिंह सिद्धू के रिएक्शन पर भी सवाल उठाए, जिन्होंने समय रैना को ‘अगला कपिल शर्मा’ तक कह दिया था। ’15 मिनट का एक्ट तैयार था, पर मौका नहीं मिला’
सुनील पाल ने बताया कि उन्हें शो के लिए क्या ब्रीफ दिया गया था। उन्होंने कहा, “मुझे बताया गया था कि यह एक स्टैंड-अप सेगमेंट होगा, इंटरव्यू नहीं। मैंने 15 मिनट का एक स्केच तैयार किया था, जिसे डायरेक्टर ने फाइनल भी किया था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद पता चला कि मेरे साथ समय और रणवीर भी हैं। मुझे अपना स्टैंड-अप करने का मौका ही नहीं मिला और जो जोक्स मैंने मारे, उन्हें भी काट दिया गया।” सुनील का मानना है कि अर्चना पूरन सिंह का न हंसना भी इसी ‘प्लानिंग’ का हिस्सा था। गाली-गलौज और वल्गर इशारे एडिट करने का आरोप
सुनील ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शो के दौरान समय रैना ने कई अपशब्दों और वल्गर इशारों का इस्तेमाल किया था, जिन्हें नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने से पहले एडिट कर दिया गया। सुनील को लगता है कि यह पूरा सेगमेंट पहले से फिक्स था। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि ऑफ-कैमरा समय रैना उनके साथ बहुत सम्मान से पेश आते हैं और उनके पैर भी छूते हैं। समय रैना और सुनील पाल का पुराना विवाद
सुनील पाल और समय रैना के बीच विवाद पिछले साल ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो के दौरान शुरू हुआ था। उस समय रणवीर अल्लाहबादिया के एक कमेंट पर मचे बवाल के बीच सुनील पाल ने समय रैना की कड़ी निंदा की थी और उन्हें ‘आतंकवादी’ तक कह दिया था। कपिल के शो में जब ये दोनों साथ आए, तो समय रैना ने भी उस पुरानी बात को लेकर नाराजगी जताई थी कि सुनील ने मुश्किल वक्त में उनका साथ नहीं दिया।
कपिल शर्मा शो में सुनील पाल का आरोप:बोले- समय रैना के सामने मुझे अभिमन्यु की तरह घेरा गया, मेरे जोक्स काटे