सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट करना चाहती हैं आलिया भट्ट:एक्ट्रेस बोलीं- कई बार मन करता है, लेकिन ऐसा करने से फैंस से संपर्क टूट जाएगा

एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने हाल ही में कहा कि कई बार उनका मन सोशल मीडिया अकाउंट को डिलीट करने का करता है। एस्क्वायर इंडिया को दिए इंटरव्यू में आलिया ने कहा, “कई दिन ऐसे होते हैं जब मैं उठकर सोचती हूं कि बस सोशल मीडिया डिलीट कर दूं और सिर्फ एक्टिंग करूं। बार-बार इस बातचीत का हिस्सा नहीं बनना चाहती, लेकिन मुझे यह भी पता है कि ऐसा करने से उन लोगों से संपर्क टूट जाएगा, जिन्होंने शुरू से मेरा साथ दिया है। मैं ऐसा नहीं चाहती।” बता दें कि आलिया भट्ट देश में सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली एक्ट्रेस में से एक हैं और इंस्टाग्राम पर उनके 86 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। फोन की फोटो गैलरी राहा से भरी हुई है: आलिया इंटरव्यू में आलिया ने मां बनने के बाद आए बदलावों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि मां बनने के बाद उनकी पर्सनल लाइफ पूरी तरह बदल गई है। अब उनकी दुनिया ज्यादातर अपनी बेटी के इर्द-गिर्द घूमती है। आलिया ने कहा, “अब जब पर्सनल लाइफ की बात आती है, तो वह इतनी पर्सनल हो गई है कि उसे शेयर करना थोड़ा मुश्किल लगता है। मेरे फोन की फोटो गैलरी मेरी बेटी राहा से भरी हुई है। मुझे अपनी तस्वीरें लेने के लिए अलग से मेहनत करनी पड़ती है।” उन्होंने मां बनने को एक बड़ा बदलाव बताया। आलिया के मुताबिक, इससे न सिर्फ शरीर बदलता है, बल्कि सोच, प्राथमिकताएं और दुनिया को देखने का नजरिया भी बदल जाता है।
आलिया के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही एक्शन थ्रिलर फिल्म अल्फा में नजर आएंगी। इस फिल्म का डायरेक्शन शिव रावल कर रहे हैं। इसमें आलिया एक ऑल-वुमन कॉम्बैट यूनिट की कमांडर की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में शरवरी वाघ भी अहम रोल में हैं और यह YRF स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है। बॉबी देओल भी इसमें नजर आएंगे। फिल्म अल्फा पहले क्रिसमस 2025 पर रिलीज होने वाली थी। बाद में इसके अप्रैल में रिलीज होने की चर्चा थी और अब यह फिल्म 2026 में ही किसी बाद की तारीख पर रिलीज होने की उम्मीद है। अभी आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। इसके अलावा आलिया, रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ संजय लीला भंसाली की फिल्म लव एंड वॉर में भी नजर आएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *