स्मृति मंधाना दुनिया की नंबर-1 वनडे बैटर बनीं:हरमनप्रीत कौर की टॉप-10 में वापसी, दीप्ति शर्मा ऑलराउंडर्स में पांचवें नंबर पर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर स्मृति मंधाना एक बार फिर दुनिया की नंबर-1 वनडे बल्लेबाज बन गई हैं। ICC की ओर से मंगलवार को जारी ताजा महिला वनडे रैंकिंग में मंधाना ने साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ट को पीछे छोड़ दिया। वहीं, गेंदबाजी रैंकिंग में चार साल से टॉप पर बरकरार सोफी एकलस्टन को पीछे छोड़कर अलाना किंग टॉप पर पहुंच गई है। मंधाना की रेटिंग पॉइंट्स 790 हो गई है, जबकि लौरा वोल्वार्ट का रेटिंग पॉइंट्स 782 है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में मंधाना ने 58 और 31 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेली थीं। हालांकि, वोल्वार्ड्ट के पास मार्च और अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज में दोबारा नंबर-1 बनने का मौका होगा। हरमनप्रीत कौर की टॉप-10 में वापसी
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में बेहतर खेलने का फायदा मिला है। वह टॉप-10 में पहुंच गई हैं। उन्होंने सीरीज में 53, 54 और 25 रनों की पारियां खेलीं, जिसकी बदौलत वह चार पायदान की छलांग लगाकर 9वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स बल्लेबाजी रैंकिंग में 12वें स्थान पर मौजूद हैं। एलिसा हीली ने चौथे स्थान के साथ वनडे करियर को कहा अलविदा
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एलिसा हीली ने अपने आखिरी वनडे मैच में शतक जड़कर शानदार विदाई ली। वह 744 पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर रहीं। बल्लेबाजी रैंकिंग में बेथ मूनी 749 पॉइंट्स के साथ तीसरे और एशले गार्डनर 724 पॉइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया की ही जॉर्जिया वोल ने सीरीज में 54 की औसत से रन बनाए, जिससे उन्हें 23 अंकों का फायदा हुआ और वह 34वें स्थान पर पहुंच गईं। गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग नंबर-1 बनीं
गेंदबाजी रैंकिंग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग 775 पॉइंट्स के साथ अब दुनिया की नंबर-1 वनडे गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने सोफी एकलस्टन के करीब चार साल पुराने दबदबे को खत्म कर दिया है। अलाना ने भारत के खिलाफ सीरीज में 16.71 की औसत से सबसे ज्यादा 7 विकेट झटके। टॉप-8 गेंदबाजों में 5 खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की हैं, जिनमें एशले गार्डनर (तीसरे), एनाबेल सदरलैंड (पांचवें), मेगन शुट्ट (सातवें) और किम गार्थ (आठवें) शामिल हैं। ऑलराउंडर्स में दीप्ति शर्मा टॉप-5 में बरकरार
भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स दोनों श्रेणियों में टॉप-10 में अपनी जगह बनाए रखी है। वह गेंदबाजी रैंकिंग में 10वें स्थान पर हैं, जबकि ऑलराउंडर्स की सूची में वह पांचवें पायदान पर काबिज हैं। ऑलराउंडर्स रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की एशले गार्डनर 516 पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर हैं, जो दूसरे स्थान पर मौजूद वेस्टइंडीज की हेले मैथ्यूज (418) से लगभग 100 पॉइंट्स आगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *