कॉमेडी फिल्म भागम भाग का सीक्वल बनने जा रहा है। भागम भाग 2 में अक्षय कुमार और परेश रावल की वापसी होगी, जबकि सीक्वल में मनोज बाजपेयी को गोविंदा की जगह कास्ट किया गया है। वैरायटी इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि भागम भाग 2 में अक्षय कुमार और परेश रावल पहले पार्ट की तरह नजर आएंगे। वहीं, फिल्म में मनोज बाजपेयी की एंट्री होगी। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ मीनाक्षी चौधरी लीड रोल में होंगी। मनोज बाजपेयी के अपोजिट एक्ट्रेस को लेकर बातचीत चल रही है। फिल्म की शूटिंग अगले महीने मुंबई में शुरू होगी। सीक्वल की कहानी गलत पहचान, कॉमेडी ऑफ एरर्स और बढ़ती अफरा-तफरी पर आधारित होगी, जो ओरिजिनल फिल्म के इमोशन को बनाए रखेगी।
भागम भाग 2 का निर्देशन राज शांडिल्य करेंगे बता दें कि भागम भाग साल 2006 में रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था। वहीं, भागम भाग 2 का निर्देशन राज शांडिल्य करेंगे। प्रियदर्शन इस बार फिल्म से जुड़े नहीं हैं, क्योंकि वह पहले से अक्षय के साथ दूसरी फिल्मों में व्यस्त हैं। प्रियदर्शन और अक्षय हॉरर-कॉमेडी फिल्म भूत बंगला में साथ काम कर रहे हैं, जो 15 मई 2026 को रिलीज होने वाली है। इसके अलावा, प्रियदर्शन थ्रिलर फिल्म हैवान पर भी काम कर रहे हैं, जिसमें अक्षय और सैफ अली खान नजर आएंगे और यह फिल्म भी 2026 में रिलीज हो सकती है। फिल्म भागम भाग में लारा दत्ता, राजपाल यादव, जैकी श्रॉफ और अरबाज खान भी थे। इसका स्क्रीनप्ले नीरज वोरा ने लिखा था। फिल्म का म्यूजिक प्रीतम ने दिया था। ₹32 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब ₹67 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। हालांकि, समीक्षकों की राय मिली-जुली रही, लेकिन सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर कई मीम बने और दर्शकों के बीच इसे कल्ट कॉमेडी का दर्जा मिला।
भागम भाग 2 में नहीं होंगे गोविंदा!:एक्टर की जगह मनोज बाजपेयी को किया गया कास्ट, अक्षय कुमार और परेश रावल फिर नजर आएंगे