कॉमेडियन समय रैना ने हाल ही में बताया कि उनके शो ‘स्टिल अलाइव’ में गालियां होने के कारण वह पिता को बुलाने में हिचकिचा रहे थे। गौरतलब है कि समय रैना इन दिनों अपने शो ‘स्टिल अलाइव’ को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनके माता-पिता भी नजर आ रहे हैं। यह वीडियो शो की स्क्रीनिंग के दौरान का है, जहां वह दर्शकों के सामने पिता को भेजा गया मैसेज पढ़ते हैं। बता दें कि समय ने रात के लगभग 4 बजे पिता को मैसेज कर पूछा था, “पापा, आप कल शो देखने आओगे? थोड़ी गालियां हैं उसमें, इसलिए पूछने में शर्म आ रही थी, पर ज्यादा नहीं हैं।” इसके जवाब में उनके पिता ने बहुत ही कूल अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “हमने ‘धुरंधर’, ‘द फैमिली मैन’ और ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ भी देखी हैं, इसलिए कोई दिक्कत नहीं है।” समय के पिता का यह जवाब सुनकर दर्शक हंस पड़े। समय का शो पिता को काफी पसंद आया और उन्होंने बेटे पर गर्व जताया।
बता दें कि इस शो में समय ने अपने पुराने शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से जुड़े विवाद, एफआईआर और अन्य घटनाओं पर भी बात की थी। साल 2025 में शो में रणवीर अलाहबादिया के एक जोक के बाद शो विवादों में घिर गया था। विवाद के चलते शो के कई वीडियो हटाने पड़े और माफी भी मांगनी पड़ी थी। हालांकि, समय रैना ने हाल ही में संकेत दिया है कि वह जल्द ही ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का नया सीजन लेकर आ सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।