धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म इक्कीस के कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने हाल ही में धर्मेंद्र के डेडिकेशन पर बात की है। उन्होंने बताया है कि कैसे धर्मेंद्र ने देर रात शूटिंग में डांस सीन शूट करने की जिद पकड़ ली थी। विजय ने बताया है कि सेट पर मौजूद सभी चाहते थे कि धर्मेंद्र थकान से बचने के लिए डांस न करें, लेकिन दूसरों को डांस शूट करते हुए उन्होंने भी जिद पकड़ ली कि उन्हें भी कोरियोग्राफ कर डांस सिखाया जाए। विजय गांगुली ने हाल ही में पिंकविला को दिए इंटरव्यू में धर्मेंद्र के साथ काम करने का अनुभव शेयर करते हुए कहा, ‘जब आप धर्म जी जैसे लोगों को काम करते हुए देखते हैं, तो एहसास होता है कि अगर इस उम्र में वे यह सब कर सकते हैं, तो हमारे पास आभारी न होने या अपना 100 प्रतिशत न देने का कोई कारण ही नहीं है। हम उस समय एक गाना शूट कर रहे थे, जो एक कव्वाली गाना था, वे (धर्मेंद्र) वहां बैठे हुए थे। मैंने उनसे कहा कि यहां आपको थोड़ा-सा डांस करना है। उन्होंने कहा, “अच्छा, क्या करना है? मुझे बताइए।”’ विजय गांगुली ने आगे कहा, ‘मैंने कहा, “कुछ भी। आप बस खड़े होकर जो मन करे, वो करिए। बाकी लोग जो कर रहे हैं, वैसा करने की जरूरत नहीं है। इस पर उन्होंने पूछा, ‘बाकी लोग क्या कर रहे हैं?’फिर हमने उन्हें दिखाया कि लड़के एक-दूसरे को पकड़कर एक खास तरह का लेग-स्टेप कर रहे थे, काफी पठानी-सा स्टाइल था।’ आगे विजय ने बताया, ‘मेरे मन में यह भी था कि हम उनसे ज्यादा मेहनत न करवा दें, क्योंकि हम नहीं चाहते थे कि वे खुद पर जरूरत से ज्यादा जोर डालें। इसलिए हमने उनसे कहा कि आपको यह करने की जरूरत नहीं है, आप बस खड़े होकर वैसे ही एंजॉय करिए, जैसे आप करते हैं। उन्होंने कहा, “नहीं, मुझे यह करना है। मैं यह करूंगा। दो लड़कों को बुलाओ।” वह सचमुच खड़े हुए, जबकि उस समय उनके लिए उठना-बैठना भी थोड़ा मुश्किल था।’ बातचीत में आगे विजय ने कहा, ‘उन्होंने दो लड़कों को बुलाया, उन्हें कंधे से पकड़ा और कहा, “मुझे दिखाओ, यह कैसे करना है।” मैं बार-बार कह रहा था कि आपको यह करने की जरूरत नहीं है, लेकिन उन्होंने फिर भी किया। आखिरकार हमने उनसे कहा कि इसे बार-बार न करें, क्योंकि अगर री-टेक हुए तो उन्हें यह स्टेप कई बार करना पड़ेगा, और इससे थकान भी हो सकती है। वहां डांस करना उनके लिए अनिवार्य नहीं था, लेकिन उनके लिए यह जरूरी था कि वे अपना 100 पर्सेंट दें। उन्हें ऐसा नहीं लगना चाहिए था कि वे यह नहीं कर पा रहे हैं। उनका रवैया यही था, “मैं करके दिखाऊंगा।”’ विजय गांगुली ने ये भी कहा है कि डांस स्टेप्स करने के साथ ही वो बार-बार लिरिक्स भी पूछ रहे थे। उन्होंने वहीं गाने के बोल पढ़े और कहा कि अगर लिपसिंक की जरुरत पड़े तो मैं वो भी कर लूंगा। बता दें कि धर्मेंद्र की फिल्म इक्कीस 1 जनवरी को रिलीज हुई है। ये धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म है, जिसमें उन्होंने अपनी लिखी कविता भी पढ़ी है। फिल्म में उन्हें अरुण खेत्रपाल बने अगस्त्या नंदा के पिता की भूमिका निभाई है।
देर रात धर्मेंद्र ने पकड़ ली डांस सीखने की जिद:इक्कीस के कोरियोग्राफर बोले- उनके लिए उठना-बैठना भी थोड़ा मुश्किल था, फिर भी खड़े हुए, डांस किया