अवॉर्ड शो में राजपाल का अपमान, सपोर्ट में आए सलमान:कहा- आप टैलेंटेड हैं, हमेशा काम मिलेगा; राजपाल बोले- वहां तालियां बजीं, निंदा न करें

अवॉर्ड शो में एक्टर राजपाल यादव का मजाक उड़ाए जाने के बाद सलमान खान उनके सपोर्ट में उतरे हैं। दरअसल, अवॉर्ड सेरेमनी में राजपाल यादव ने डॉलर के रेट बढ़ने पर बात की थी, जिस समय अवॉर्ड होस्ट कर रहे जर्नलिस्ट सौरभ द्विवेदी ने राजपाल यादव के चेक बाउंस केस पर तंज कसा और कहा कि डॉलर के रेट बढ़ें या घटें उन्हें उतनी उधार चुकानी ही पड़ेगी, जितनी ली है। वीडियो वायरल होने के बाद जर्नलिस्ट की आलोचना की जा रही है, जिसके बाद अब सलमान ने इस पर रिएक्शन दिया है। सलमान खान ने राजपाल यादव का बचाव करते हुए ऑफिशियल X अकाउंट (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, “राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हो और हम सबने आपको बार-बार रिपीट किया है क्योंकि आप अपना काम जानते हो और एक वैल्यू लाते हो। हकीकत यह है कि काम तो आपको बहुत मिलेगा और इसी डॉलर रेट पर मिलता रहेगा।” सलमान खान ने डॉलर और रुपए के उतार-चढ़ाव वाले मजाक पर लिखा, “ये याद रखना कि कभी-कभी फ्लो में कुछ बातें निकल आती हैं। अगर कुछ देना ही है तो दिमाग में रखो और दिल से काम करो। डॉलर ऊपर हो या नीचे, क्या फर्क पड़ता है, पैसा तो इंडिया में ही देना है।” राजपाल यादव ने सौरभ और जाकिर के सपोर्ट में बयान दिया विवाद बढ़ने के बाद राजपाल यादव ने एक वीडियो जारी कर सौरभ और जाकिर के पक्ष में बात करते हुए, उन्हें ट्रोल न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह सिनेमा से जुड़ा मामला है और दोनों उनके छोटे भाई जैसे हैं। राजपाल यादव ने कहा कि सौरभ ने उनके सम्मान में ऑडिटोरियम में खड़े होकर तालियां बजवाई थीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सौरभ की निंदा न करें और उनका दिल न दुखाएं, क्योंकि सौरभ का अपमान करना उनका अपमान होगा। क्या है पूरा विवाद? 5 अप्रैल को मुंबई में स्क्रीन अवॉर्ड आयोजित किया गया था।जर्नलिस्ट सौरभ द्विवेदी और कॉमेडियन जाकिर खान ने अवॉर्ड का एक हिस्सा होस्ट किया। इस दौरान राजपाल यादव से बात करते हुए सौरभ द्विवेदी ने उनके चेक बाउंस केस का मजाक उड़ाया। राजपाल यादव माइक पर डॉलर के रेट बढ़ने-घटने और यूथ पर एक बयान दे रहे थे। तभी सौरभ द्विवेदी ने तंज कंसने के अंदाज में कहा, ‘डॉलर का रेट चाहे बढ़े या घटे, आपको उतने ही पैसे लौटाने हैं जितने आपने उधार लिए थे।’ सौरभ की ये बात सुनकर राजपाल यादव अचानक खामोश हो गए और कुछ देर बाद असहज होकर हंसने लगे। अवॉर्ड सेरेमनी में मौजूद कई लोग भी इस पर हंसते दिखे। हालांकि जब इसका वीडियो वायरल हुआ, तो राजपाल यादव के कई फैंस ने इसे उनका अपमान कहा और सौरभ की आलोचना करना शुरू कर दिया। चेक बाउंस मामले से विवादों में हैं राजपाल राजपाल राजपाल यादव पिछले काफी समय से कानूनी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। चेक बाउंस केस में उन्हें फरवरी में जेल जाना पड़ा था। दरअसल, साल 2010 में राजपाल यादव ने फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए प्राइवेट कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। यह फिल्म फ्लॉप रही और राजपाल यादव को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा। राजपाल यादव समय रहते कर्ज की रकम नहीं लौटा सके। लोन लेते समय राजपाल यादव ने जो चेक कंपनी को दिए थे, वे बाउंस हो गए, जिसके बाद एक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई। दोनों पार्टियों के बीच समझौते के बावजूद पूरी पेमेंट नहीं हुई और समय के साथ ब्याज जुड़ता गया, जिससे कुल कर्ज काफी बढ़ गया। साल 2018 में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने राजपाल यादव को दोषी ठहराया और उन्हें छह महीने की जेल की सजा सुनाई। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में अपील की, जहां उन्हें कई बार राहत मिली, क्योंकि उन्होंने भुगतान और समझौते का भरोसा दिया था। हालांकि, फरवरी 2026 की शुरुआत में दिल्ली हाईकोर्ट ने एक्टर को पूर्व में दी गई रियायतों और समय सीमा को बढ़ाने से इनकार कर दिया था। कोर्ट ने उन्हें 4 फरवरी तक सरेंडर करने का आदेश दिया था, जिसके बाद उन्होंने 5 फरवरी को शाम लगभग 4 बजे आत्मसमर्पण किया। इसके बाद वह लगभग 12 दिन जेल में रहने के बाद 1.5 करोड़ रुपए जमा करने की शर्त पर अंतरिम जमानत पर 16 फरवरी को बाहर आए थे। फिलहाल इस केस की सुनवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *